देवास में भाई ने आपसी विवाद के चलते अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी भाई और उसके जीजा ने मिलकर घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 10 फरवरी 2026 की देर रात की है। अमलतास अस्पताल, देवास से सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली कि रवि पिता राजाराम चौहान (30 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगवादा पावर हाउस, को उसका भाई लखन चौहान और जीजा राहुल राजोरिया सड़क दुर्घटना में घायल बताकर अस्पताल लाए हैं। उपचार के दौरान रवि चौहान की मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा
इस सूचना पर सिविल लाइन थाने में मार्ग क्रमांक 07/2026, धारा 194 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव का पोस्टमार्टम एम.जी. अस्पताल, देवास में कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि रवि की मृत्यु सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के कारण हुई है, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से गहन पूछताछ की। लोहे की मोगरी से किया वार
पूछताछ में खुलासा हुआ कि 10 फरवरी 2026 की रात मृतक रवि चौहान का अपने भाई लखन चौहान से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी लखन ने घर में रखी लोहे की भारी वस्तु (मोगरी) से रवि के सिर पर 2-3 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी लखन ने अपने जीजा राहुल राजोरिया को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर रवि के शव को अमलतास अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को गुमराह करने के लिए इसे सड़क दुर्घटना बताया। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि राहुल को घटना की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने अस्पताल में गलत सूचना दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
तथ्यों के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 75/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी लखन चौहान और राहुल राजोरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


