अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव में शनिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक भाई ने अपने ही दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ओमप्रकाश और पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश पुत्र होशियार सिंह सुबह करीब आठ बजे अपने खेत पर काम कर रहे थे। तभी उनके सगे भाई सोमपाल ने कुछ बाहरी लोगों के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। ओमप्रकाश को बचाने पहुंचे उनके भाई पप्पू भी इस हमले में बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। चिकित्सकों ने ओमप्रकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। रहरा थाना अध्यक्ष अतवीर सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी सोमपाल सिंह पुत्र होशियार सिंह, जीतू पुत्र सोमपाल और शीला पत्नी सोमपाल, निवासी चंदनपुर, थाना रहरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही कर रही है।


