अशोकनगर जिले के नईसराय-शाढ़ौरा रोड पर बरखेड़ा गांव के पास 10 मार्च को हुई कार और बोलेरो की भीषण टक्कर ने एक शादी की खुशियों को पूरी तरह मातम में बदल दिया। पहले इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, लेकिन अब रविवार को इलाज के दौरान शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे की रहने वाली दुल्हन साक्षी जैन ने भी दम तोड़ दिया। दुल्हन की मौत के बाद यह हादसा तीन परिवारों के लिए गहरा दुख बन गया है। जानकारी के अनुसार शिवपुरी जिले के कोलारस निवासी जैन परिवार अपनी बेटी साक्षी जैन की शादी के लिए विदिशा जिले के गंजबासौदा जा रहा था। शादी की खुशियों के बीच पूरा परिवार गाड़ियों के काफिले में निकला था, लेकिन बरखेड़ा गांव के पास रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। सामने से आ रही बोलेरो से हुई जोरदार टक्कर
बताया गया कि शादी के काफिले में चल रही अर्टिगा कार की सामने से आ रही बोलेरो से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल अशोकनगर पहुंचाया। दुल्हन के जीजा और बोलेरो चालक की हो चुकी थी मौत
हादसे में 36 वर्षीय वैभव जैन निवासी ब्यावरा की मौके पर ही मौत हो गई थी। वैभव जैन दुल्हन साक्षी के जीजा थे और परिवार के साथ शादी में शामिल होने जा रहे थे। वहीं बोलेरो चला रहे 20 वर्षीय राहुल यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। कोमा में थी दुल्हन, भोपाल में तोड़ा दम
हादसे में दुल्हन साक्षी को सबसे ज्यादा चोट आई थी। उसके सिर में 36 टांके लगे थे और हाथ-पैर भी फ्रैक्चर हो गए थे। गंभीर हालत में उसे भोपाल रेफर किया गया था, जहां वह कई दिनों से कोमा में थी। रविवार शाम करीब 4 बजे भोपाल के अस्पताल में इलाज के दौरान साक्षी जैन की मौत हो गई। परिवार के कई लोग घायल
हादसे में दुल्हन की मां शीला बाई, परिवार की बुजुर्ग सदस्य प्रेम बाई, खुशबू जैन और डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची भी घायल हुई थीं। अर्टिगा कार चला रहे कोलारस निवासी 28 वर्षीय सौरभ खटीक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनके दोनों पैर बुरी तरह टूट गए थे और उनका इलाज जारी है।


