केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जालौन के उरई में टीआरडी विभाग में संविदा कर्मचारियों की भर्ती में कथित रिश्वतखोरी का भंडाफोड़ किया है। सीबीआई की लखनऊ टीम ने देर रात छापेमारी कर विभाग से जुड़े तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया। सीबीआई इंस्पेक्टर देवेश के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान, एसएसई टीआरडी बीएस पाल को लोगों से पैसे लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, डीईई टीआरडी शांतनु यादव और टेक्नीशियन प्रकाश कुशवाहा को चित्रकूट से हिरासत में लिया गया। आरोप है कि ये कर्मचारी संविदा कर्मियों की भर्ती कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से अवैध धन की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर एजेंसी ने छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। सीबीआई की टीम मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी खंगाल रही है। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


