पत्रकारिता के मूल्यों और चुनौतियों पर किया मंथन, कुलिश जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

पत्रकारिता के मूल्यों और चुनौतियों पर किया मंथन, कुलिश जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

मालाखेड़ा. कस्बे के नवीन पब्लिक स्कूल में श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिश जी के जन्मशती पर्व के उपलक्ष में संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य संतोष शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता शन्टी शर्मा ने की। मुख्य अतिथि व्यवस्थापक तोताराम शर्मा और अध्यापक तरनेश शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिश जी न केवल राजस्थान पत्रिका समाचार समूह के संस्थापक थे, बल्कि प्रख्यात कवि और लेखक भी रहे। उनके जीवन संघर्ष और समर्पण ने हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा दी।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कुलिश जी के सिद्धांत आज भी पत्रकारिता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने जो निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की परंपरा स्थापित की, वह वर्तमान दौर में भी प्रासंगिक है। संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों और व्याख्याताओं ने भी विचार व्यक्त किए और कुलिश जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य संतोष शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। तकनीक और सोशल मीडिया ने खबरों की गति बढ़ा दी है, लेकिन विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे पत्रकार का दायित्व केवल सूचना देना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना भी है। इसके लिए तथ्य, निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों का पालन आवश्यक है। संगोष्ठी में सुनिल सैन और रघुवीर प्रसाद ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के इस युग में युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि युवा ईमानदारी और जनहित को प्राथमिकता देकर पत्रकारिता में कदम रखें, तो लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और मजबूत होगा। इस अवसर पर भारत सैनी, धर्मेंद्र गुप्ता, संतोष तिवारी, ईश्वरी प्रसाद, दीपक सोनी, उत्कर्ष दुबे, ओमप्रकाश सैनी, योगेश शर्मा, जगराम मीणा, राजेंद्र मीणा, देशबंधु शर्मा, ताराचंद कटारिया सहित विद्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *