BPSC TRE 4.0: बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम खबर सामने आई है। राज्य में होने वाली चौथी शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 में इस बार बड़ा बदलाव किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत अब किसी भी अभ्यर्थी को केवल एक ही कक्षा स्तर के लिए अंतिम चयन मिलेगा। यानी एक उम्मीदवार एक साथ कई स्तरों पर चयनित नहीं हो सकेगा। आयोग की नियम को जल्द लागू कर सकती है। यह बदलाव पहली बार TRE-4 में लागू किया जा रहा है।
BPSC TRE 4.0: पहले क्या था और अब क्या बदल रहा है?
अब तक TRE-1, TRE-2 और TRE-3 की भर्तियों में एक अभ्यर्थी प्राथमिक (कक्षा 1-5), मध्य (कक्षा 6-8) और माध्यमिक (कक्षा 9-12), तीनों स्तरों पर चयनित हो सकता था। कई बार ऐसा हुआ कि एक ही उम्मीदवार के नाम पर अलग-अलग कक्षाओं की सीटें चली गई। बाद में वह एक पद जॉइन करता था और बाकी सीटें खाली रह जाती थीं या प्रक्रिया में देर होती थी। इस व्यवस्था से हजारों ऐसे उम्मीदवार चयन से बाहर रह गए, जो मेरिट में थे लेकिन सीटें सीमित थीं। अब TRE-4 में यह स्थिति नहीं होगी। परीक्षा भले ही एक ही हो, लेकिन अंतिम चयन सिर्फ एक कक्षा स्तर पर होगा। इससे एक व्यक्ति के नाम पर कई सीटें जाने का रास्ता बंद होगा।
BPSC TRE 4 में कितने पदों पर होगी नियुक्ति?
इस बार लगभग 44 हजार शिक्षकों की बहाली प्रस्तावित है। कक्षा 1 से 8 तक के लिए करीब 19 हजार पद, कक्षा 9 से 10 तक के लिए लगभग 12 हजार पद और कक्षा 11 से 12 तक करीब 13 हजार पद तय किये गए हैं।
BPSC Teacher Vacancy: राज्य में शिक्षकों की मौजूदा स्थिति
बिहार में इस समय करीब 6 लाख शिक्षक कार्यरत हैं। पिछले दो वर्षों में TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के माध्यम से लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा करीब 3 लाख नियोजित शिक्षकों को सरकारी शिक्षक का दर्जा भी दिया जा चुका है।


