BPSC TRE 4.0 Notification: बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा, यानी TRE 4.0, को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को सामान्य प्रशासन विभाग से बहाली की अधियाचना मिल गई है। इसका मतलब है कि अब प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आयोग के सचिव सत्य प्रकाश शर्मा ने पुष्टि की है कि इस चरण में कुल 46 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। मार्च 2026 में इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा और उसी महीने से ऑनलाइन आवेदन भी शुरू होने की उम्मीद है। डिटेल नोटिफिकेशन में योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी दी जाएगी।
BPSC TRE 4.0: मार्च से तेज होगी प्रक्रिया
आयोग ने संकेत दिया है कि मार्च में नोटिफिकेशन जारी होते ही आवेदन पोर्टल खोल दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को अभी से अपने डाक्यूमेंट्स तैयार रखने चाहिए। शैक्षणिक सर्टिफिकेट, ट्रेनिंग संबंधी डाक्यूमेंट्स, जाति प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी डाक्यूमेंट्स।
BPSC TRE 4.0 Vacancy: सबसे ज्यादा पद शिक्षा विभाग में
इस भर्ती अभियान का मुख्य हिस्सा शिक्षा विभाग से जुड़ा है। विभाग ने कक्षा 1 से 12 तक के लिए 44,500 पदों का प्रस्ताव भेजा है। यानी प्राथमिक से लेकर इंटर स्तर तक बड़े पैमाने पर नियुक्तियां होंगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग और पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने भी शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के पदों की मांग भेजी है। इन दोनों विभागों को मिलाकर करीब 1,500 पद जोड़े गए हैं। इसी के साथ कुल रिक्तियों का आंकड़ा 46,000 तक पहुंच गया है।
BPSC TRE 4.0: कक्षा के हिसाब से कहां कितने पद
अगर कक्षा-वार बात करें तो प्राथमिक विद्यालयों में लगभग 10,500 पद खाली हैं। मध्य विद्यालयों, यानी छठी से आठवीं कक्षा तक, करीब 9,500 पदों पर नियुक्ति होगी। सबसे बड़ी संख्या माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर है। नौवीं से बारहवीं तक के स्कूलों में करीब 25,000 पद भरे जाएंगे। साफ है कि हाई स्कूल और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने पर इस बार खास जोर है।


