कोरबा के अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर एक चलती बोलेरो में भीषण आग लग गई। घटना दोपहर करीब 3 बजे की है, जिससे शहर के बीचों-बीच हड़कंप मच गया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि बोलेरो देखते ही देखते ‘आग का गोला’ बन गई। इस दौरान कई लोग मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। बताया गया कि चालक भी गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकलकर अपने मालिक को वीडियो भेजने लगा। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम और कोतवाली थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। हालांकि, दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया, जिससे व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। दमकल के पहुंचने तक बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा शहर के भीतर आपातकालीन स्थितियों के लिए कम से कम एक दमकल वाहन तैनात होना चाहिए। उनका आरोप है कि एसएस प्लाजा की घटना से लेकर अब तक, दमकल के पहुंचने में लगने वाला समय हर बार बड़ी तबाही का कारण बन रहा है। हाल ही में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में भी छह गाड़ियां जलकर राख हो गई थीं। इन घटनाओं के बाद शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।


