संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र की मैलानी नहर पुलिया के नीचे मिली अज्ञात युवती की लाश की पहचान बस्ती जिले की सुमन (22) के रूप में हुई है। यह मामला प्रेम प्रसंग में हुई हत्या से जुड़ा बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतका के माता-पिता ने शव की शिनाख्त की। पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या और शव छिपाने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। 11 मार्च की शाम डायल 112 पर सूचना मिली थी कि मोहद्दीपुर ग्रामसभा के पास मैलानी नहर की पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही सीओ, कोतवाल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उस समय शव काफी फूल चुका था और सिर में कीड़े पड़ गए थे। युवती ने गुलाबी रंग की जींस पहन रखी थी, जबकि शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई कपड़ा नहीं था। घटनास्थल से एक बैग और श्रृंगार का सामान भी बरामद हुआ था। मौके पर मिले सामान के आधार पर पुलिस को आशंका हुई कि युवती आर्केस्ट्रा में काम करने वाली हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में डीजे और आर्केस्ट्रा संचालकों से संपर्क किया, जिससे युवती के बारे में सुराग मिला। शुक्रवार को बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के रैने गांव निवासी झिनका देवी और उनके पति रामसहाय गौड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपनी 22 वर्षीय बेटी सुमन के रूप में की और मौके से मिले बैग व कपड़ों को भी बेटी का बताया। मां झिनका देवी ने पुलिस को बताया कि सुमन आर्केस्ट्रा में नाचने और गाने का काम करती थी। वह करीब दो वर्षों से बाहर रहकर काम कर रही थी और कभी-कभी घर आती थी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च को होली पर सुमन घर आई थी। उसी दिन उसने बताया कि 5 मार्च को उसका एक कार्यक्रम है और एक लड़का उसे खलीलाबाद बुला रहा है। यह कहकर वह बैग में सामान लेकर घर से निकली थी, जिसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद डॉक्टरों के पैनल की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पीड़िता की मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव छिपाने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


