राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की परीक्षाएं बुधवार को संपन्न हो गईं। 12वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा विषय के अंतिम पेपर के साथ ही परीक्षा का दौर खत्म हो गया है। अब बोर्ड ने पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा परिणाम तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। इस बार सबसे पहले 10वीं कक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा, जिसके 20 मार्च तक घोषित होने की संभावना है।
अगले साल से 10वीं की परीक्षा दो बार
शिक्षा विभाग ने अगले शैक्षणिक सत्र से बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अगले साल से 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। इस कदम से विद्यार्थियों पर एक ही परीक्षा का दबाव कम होगा और उन्हें अपने परिणाम सुधारने का बेहतर मौका मिलेगा।
24 घंटे एक्टिव रहा कंट्रोल रूम
12 फरवरी से 11 मार्च तक संचालित हुई इन परीक्षाओं में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अत्याधुनिक केंद्रीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहा। नियंत्रण कक्ष में लगी स्क्रीन और लैपटॉप के जरिए परीक्षा सेंटरों से प्राप्त सूचनाओं और सीसीटीवी फीड की सतत लाइव मॉनिटरिंग की गई। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर बोर्ड और शिक्षा विभाग की संयुक्त फ्लाइंग टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।


