माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार इस वर्ष बालाघाट जिले में कुल 39,173 छात्र हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की परीक्षाओं में शामिल होंगे। हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं 10 फरवरी से और हाईस्कूल की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। इस वर्ष बोर्ड परीक्षार्थियों को एक नई सुविधा दी गई है। रेमेडियल कक्षाओं के साथ-साथ अब परीक्षा के बीच मिलने वाले अवकाश में भी छात्र स्कूल पहुंचकर शिक्षकों से अपने विषयों से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। इससे छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने में मदद मिलेगी। रेमेडियल कक्षाएं जारी एक्सीलेंस स्कूल के प्राचार्य शरद ज्योतिषी ने बताया कि इस संबंध में निर्देश शासन स्तर से जारी किए गए हैं और सभी विद्यार्थियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर जिले के स्कूलों में रेमेडियल कक्षाएं लगातार चल रही हैं, ताकि कमजोर छात्रों को अतिरिक्त सहयोग मिल सके और वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। प्रश्नपत्रों के लिए स्ट्रांग रूम तैयार शिक्षा विभाग ने परीक्षा की तैयारियों के तहत एक्सीलेंस स्कूल में प्रश्नपत्रों के लिए स्ट्रांग रूम तैयार किया है। बोर्ड से आने वाले प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों पर भेजने से पहले यहीं सुरक्षित रखा जाएगा। छात्रों की संख्या के अनुसार परीक्षा केंद्र पहले ही तय कर दिए गए हैं। जिला शिक्षा विभाग के अनुसार कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च तक चलेंगी, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से 6 मार्च तक होंगी। इस वर्ष कक्षा 10वीं में 21,682 और कक्षा 12वीं में 17,491 छात्र परीक्षा देंगे। 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए जिले में कुल 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर कक्षा 10वीं की परीक्षा होगी, जबकि 118 केंद्रों पर 12वीं की परीक्षा आयोजित की जाएगी। स्वाध्यायी छात्रों के लिए कक्षा 10वीं में 1,154 और कक्षा 12वीं में 863 परीक्षार्थी हैं। इनके लिए संदीपनी स्कूल बालाघाट और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। पिछले साल से पहले हो रही परीक्षाएं इस बार बोर्ड परीक्षाएं पिछले वर्ष की तुलना में पहले शुरू हो रही हैं। पिछले साल परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थीं।


