सहारनपुर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष:मकान बनाने के विवाद को लेकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, कई घायल

सहारनपुर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष:मकान बनाने के विवाद को लेकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, कई घायल

सहारनपुर के थाना बड़गांव क्षेत्र के गांव नुनाबड़ी में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गांव में एक पक्ष द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा था। इसी को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले मामूली बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से लोग इकट्ठा हो गए और लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए इस संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना बड़गांव पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना की जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना बड़गांव में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *