पानीपत शहर की कृष्णपुरा चौकी के अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूल के पीछे बीती रात जमकर बवाल हुआ। आपसी रंजिश के चलते एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने एक युवक पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया जब वह अपने घर के बाहर खड़ा था। हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने पीड़ित को पीटने के बाद उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और महिलाओं के साथ भी मारपीट व अभद्रता की। घर के बाहर खड़े युवक पर अचानक हमला पीड़ित मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान संदीप, जोनी, जोगिन्द्र, सन्नी, ध्रुव उर्फ काला, निशु, निशांत, सिद्धार्थ, सौरभ, गौरव, विक्की, वंश, रमा और मीना सहित कई अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने मोहित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी छाती पर गंभीर चोटें आईं और उसके दो दांत टूट गए। घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट और तोड़फोड़ मोहित ने बताया कि जान बचाने के लिए जब वह अपने घर के अंदर भागा, तो हमलावर जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने घर के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। शोर सुनकर जब मोहित की माँ और बहन बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और अभद्रता की। हमलावर जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट के साथ सख्त कार्रवाई की मांग पीड़ित मोहित ने शनिवार को मेडिकल रिपोर्ट के साथ कृष्णपुरा चौकी इंचार्ज को लिखित शिकायत सौंपी है। मोहित ने बताया कि हमलावरों के पास अवैध हथियार भी हो सकते हैं और उन्हें अपनी व अपने परिवार की जान का खतरा है। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।


