राम भक्त संकट मोचन हनुमान जी की जयंती पर गुरुवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में ग्राम खोरिया में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 134 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह शिविर श्री राम जीवन रक्षक सोसायटी की ओर से लगाया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा की मिसाल पेश की। रक्तदान शिविर में खोरिया, बंबोरी, चामलावदा, थड़ा, काजली, बरडिया, रटाजना, कुलमीपुरा और धमोत्तर सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में रक्तदाता पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने भी रक्तदान कर समाज को प्रेरित किया। प्रशस्ति-पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर किया सम्मानित गीताबाई पाटीदार के परिवारजनों ने भी रक्तदान कर उनकी स्मृति को साकार रूप दिया। उनके पुत्र बाबूलाल पाटीदार, गोपाल पाटीदार और महेश पाटीदार सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने रक्तदान कर सेवा का संदेश दिया। इस आयोजन की प्रेरणा स्व. गीताबाई के पति लक्ष्मी नारायण पाटीदार द्वारा दी गई थी। रक्तदान शिविर का सफल संचालन जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार यादव के मार्गदर्शन में किया गया। रक्त संग्रहण टीम में पैथोलॉजिस्ट डॉ. दिलीप कुमार, ईश्वरलाल, शंकरलाल, सुभाष चंद्र, नर्सिंग स्टाफ तथा इम्तियाज हुसैन और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग ऑफिसर और सीएचओ ने भी अपनी सेवाएं दीं। शिविर के समापन पर नर्सिंग ऑफिसर गोपाल पाटीदार और महेश पाटीदार ने सभी रक्तदाताओं और समिति सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की प्रेरणादायी मिसाल बनकर सामने आया।


