कंपोनेंट सेपरेटर की स्थापना को लेकर ब्लड बैंक का किया निरीक्षण

कंपोनेंट सेपरेटर की स्थापना को लेकर ब्लड बैंक का किया निरीक्षण

भास्कर न्यूज | सरायकेला सदर अस्पताल सरायकेला स्थित ब्लड सेंटर में कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट की स्थापना से जिले के स्वास्थ्य तंत्र को नई मजबूती मिलने जा रही है। इस अत्याधुनिक सुविधा के शुरू होने से जिले के मरीजों को समय पर आवश्यक रक्त घटक उपलब्ध हो सकेंगे। कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट के माध्यम से एक ही रक्तदान से प्लेटलेट्स, प्लाज्मा और रेड ब्लड सेल जैसे घटकों को अलग-अलग किया जा सकेगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार सटीक उपचार मिल सकेगा। राज्य स्तरीय ड्रग कंट्रोलर डॉ. रितु सहाय शनिवार को सदर अस्पताल सरायकेला पहुंची उन्होंने कंपोनेंट सेपरेटर स्थापना संबंधित सभी संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूर्व में जमशेदपुर एवं चाईबासा के ब्लड बैंकों का निरीक्षण करने के बाद सरायकेला पहुंचकर यहां कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट की स्थापना के लिए स्थल, भवन की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक भौतिक संसाधनों का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बताया जा रहा है कि निरीक्षण रिपोर्ट राज्य को सौंपे जाने के बाद निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे आने वाले समय में सरायकेला जिले के लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। डायलिसिस और कैंसर पीड़ितों को मिलेगी बड़ी राहत : सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद सिंह ने बताया कि कंपोनेंट सेपरेटर की स्थापना से गंभीर रोगियों, प्रसूता महिलाओं, सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों, डायलिसिस एवं कैंसर पीड़ितों को विशेष लाभ मिलेगा। यूनिट की स्थापना से रक्त की अनावश्यक बर्बादी पर भी प्रभावी रोक लगेगी। सीमित रक्त संग्रह के बावजूद अधिक मरीजों का इलाज संभव हो पाएगा। वर्तमान में प्लेटलेट्स अथवा अन्य विशेष रक्त घटकों की आवश्यकता होने पर मरीजों को जमशेदपुर या चाईबासा जैसे बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ जाता है। स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *