ब्लॉक प्रमुख ने लगाए अभद्रता, धक्का-मुक्की के आरोप:जिला पंचायत सदस्य और साथियों पर कार्रवाई की मांग, एसपी से शिकायत

ब्लॉक प्रमुख ने लगाए अभद्रता, धक्का-मुक्की के आरोप:जिला पंचायत सदस्य और साथियों पर कार्रवाई की मांग, एसपी से शिकायत

बागपत ब्लॉक प्रमुख सुनीता ने जिला पंचायत सदस्य और उसके साथियों पर अभद्रता, धक्का-मुक्की और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। ब्लॉक प्रमुख सुनीता, निवासी ग्राम संतोषपुर बाघू (शहर कोतवाली क्षेत्र), ने बताया कि यह घटना 4 फरवरी को क्षेत्र पंचायत कार्यालय बागपत में आयोजित बोर्ड बैठक के दौरान हुई। आरोप है कि एक जिला पंचायत सदस्य अपने 20-25 समर्थकों के साथ बैठक कक्ष में आया और बैठक के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। सुनीता का कहना है कि जनप्रतिनिधि के साथ आए लोगों ने धक्का-मुक्की करने का प्रयास किया और बैठक का साइन रजिस्टर भी फेंक दिया। ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत सदस्य बीते दो वर्षों की योजनाओं को प्रभावित कर चुका है और अब आगे की सभी योजनाओं पर कब्जा करना चाहता है। उनका कहना है कि लगातार दबाव बनाकर विकास कार्यों में हस्तक्षेप किया जा रहा है। सुनीता ने बताया कि घटना के बाद वह अपने सम्मान और सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गईं और अपने बेटे के साथ कलेक्ट्रेट में अधिकारियों से मदद मांगने जा रही थीं, तभी जनप्रतिनिधि के समर्थकों ने उनका पीछा भी किया। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 1 फरवरी को उन्होंने कोतवाली बागपत में जान का खतरा बताते हुए तहरीर दी थी और कार्रवाई की मांग की थी। ब्लॉक प्रमुख ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले से अवगत कराया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *