अमेठी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह अभ्यास 23 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे जिलाधिकारी एवं नियंत्रक की अध्यक्षता में होगा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता ने बताया कि यह मॉक ड्रिल प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा अनुभाग के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य नागरिकों को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए जागरूक और तैयार करना है। अभ्यास नवनिर्मित रिजर्व पुलिस लाइन, गौरीगंज (नवोदय विद्यालय गौरीगंज के निकट) में प्रस्तावित है। अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि ब्लैक आउट सायरन बजने के दौरान घबराएं नहीं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे जहां हैं, वहीं किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें। यदि आसपास सुरक्षित स्थान उपलब्ध न हो तो जमीन पर लेटकर दोनों कानों को जोर से दबाकर रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। मॉक ड्रिल की अवधि में सार्वजनिक विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से काट दी जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा रहेगा। इस दौरान इनवर्टर एवं जनरेटर का प्रयोग न करने की भी अपील की गई है, ताकि मॉक ड्रिल का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा हो सके। गुप्ता ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे इस जागरूकता अभियान में सहयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।


