कालाबाजारी:918 का सिलेंडर 2500 में बेचा, एजेंसी कर्मचारी पकड़ा; एक दिन में 68 जब्त

कालाबाजारी:918 का सिलेंडर 2500 में बेचा, एजेंसी कर्मचारी पकड़ा; एक दिन में 68 जब्त

राजधानी में गैस सिलेंडर को लेकर मची हाहाकार के बीच शहर के विभिन्न इलाकों से एक ही दिन में 68 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसमें घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। खाद्य आपूर्ति अधिकारियों ने ये कार्रवाई की। इसी दौरान 918 रुपए का घरेलू सिलेंडर ढाई हजार रुपए में बेचने का मामला सामने आया, जिसमें एजेंसी का कर्मचारी कालाबाजारी करते हुए पकड़ा गया। शनिवार को खाद्य विभाग की बरखेड़ी निवासी शालिग कुरैशी और उसके साथी सलमान को पकड़ा। टीम ने ढाई हजार रुपए में सिलेंडर लेने की बात कहकर जाल बिछाया था। सलमान स्कूटर से भरा सिलेंडर लेकर पहुंचा और जैसे ही उसने ढाई हजार रुपए लिए, टीम ने उसे दबोच लिया। इसके बाद शालिग को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि सलमान ऋषभ इंडेन गैस एजेंसी का कर्मचारी है और वह लाइन में लगे उपभोक्ताओं से 500 रुपए ज्यादा देकर सिलेंडर खरीदता और उसे ढाई हजार रुपए में बेच देता था। जिले में इंडेन, भारत और हिंदुस्तान गैस डिपो में 2183 टन एलपीजी का स्टॉक है, जबकि रोजाना 450 टन सप्लाई हो रही है। अधिकारियों के अनुसार चार दिन का स्टॉक उपलब्ध है और नया स्टॉक भी लगातार आ रहा है। पैनिक बुकिंग के कारण मांग 1300 टन तक पहुंच गई है, जिससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है। मोबाइल में मिला कालाबाजारी का रिकाॅर्ड
सहायक आपूर्ति अधिकारी अशोक सत्यार्थी ने बताया कि जब शालिग के मोबाइल की जांच की गई तो पता चला कि उसने कई लोगों को 5 हजार में दो सिलेंडर भी बेचे हैं। वह दिन भर अलग-अलग लोगों से कमर्शियल सिलेंडर 3500 और घरेलू सिलेंडर को ढाई हजार रुपए में देने का सौदा कर चुका है। आइडियल एचपी एजेंसी का है जब्त हुआ सिलेंडर
खाद्य विभाग टीम ने जब्त सिलेंडर की जांच की तो वह आइडियल एचपी गैस एजेंसी का निकला। हालांकि आरोपी का कहना है कि यह सिलेंडर उपभोक्ता से लिया गया था। इस मामले में एजेंसी संचालक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पीपल चौराहे से सात सिलेंडर जब्त
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार पीपल चौराहे के पास साहूकार सुयश और समित जैन के यहां इंडेन कंपनी के सात सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें पांच खाली और दो भरे थे। यहां छोटे सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर किए जाने सूचना मिली है। एजेंसियों पर भीड़ : राय, सैनी, ममता और हैप्पी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। इन एजेंसियों पर रोज 1000 से 1500 बुकिंग हो रही हैं, जबकि स्टॉक केवल 300 से 400 का है। इसके चलते लंबी कतारें लग रही हैं। प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध : राजपूत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल पंपों और डिपो पर लगातार सप्लाई हो रही है। बॉटलिंग प्लांटों में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है। बढ़ती मांग के चलते इन्हें अतिरिक्त समय तक चलाया जा रहा है। 2050 स्थानों पर जांच में 2912 सिलेंडर जब्त हुए और 9 एफआईआर दर्ज हुईं। पीएनजी कनेक्शन प्रक्रिया तेज की गई है। नागरिकों से अपील है कि वे अफवाहों से बचें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *