भाजपा का डंका, लेकिन फडणवीस के भाई की हुई हार; डॉन अरुण गवली की बेटी भी पराजित

भाजपा का डंका, लेकिन फडणवीस के भाई की हुई हार; डॉन अरुण गवली की बेटी भी पराजित

महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के आज आ रहे चुनावी नतीजों ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। जहां एक तरफ राज्य भर में भाजपा और उसके गठबंधन की लहर दिखाई दे रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ बड़े दिग्गजों को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला परिणाम अमरावती से सामने आया और मुंबई से भी एक चर्चित चेहरे को हार झेलनी पड़ी है।

अमरावती महानगरपालिका की 87 सीटों के लिए हो रही मतगणना में भाजपा को दो बड़े झटके लगे हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ममेरे भाई विवेक कलोती को वार्ड क्रमांक 14-डी से हार का सामना करना पड़ा है। इस वार्ड में कांग्रेस ने अपना दबदबा दिखाते हुए चारों सीटों पर जीत हासिल की है।

वहीँ, भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक श्रीकांत भारतीय के भाई तुषार भारतीय को भी साई नगर वार्ड से हार मिली है। यहां निर्दलीय विधायक रवि राणा के करीबी और युवा स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार सचिन भेंडे ने जीत दर्ज कर भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रवि राणा ने इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था।

अमरावती में सत्ता हासिल करने के लिए 44 सीटों के जादुई आंकड़े की जरूरत है। यहां मुकाबला काफी दिलचस्प है क्योंकि राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार), भाजपा, शिवसेना (शिंदे), बसपा और युवा स्वाभिमान पार्टी अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के बीच कुछ जगहों पर फ्रेंडली मुकाबला हो रहा है।

मुंबई में डॉन की बेटी की हार

मुंबई के भायखला इलाके के वार्ड नंबर 207 में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। हाल ही में जेल से बाहर आये अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली की बेटी और अखिल भारतीय सेना की उम्मीदवार योगिता गवली को भाजपा के रोहिदास लोखंडे ने हरा दिया है। योगिता गवली की हार के साथ ही भायखला में गवली परिवार का दशकों पुराना वर्चस्व खत्म होता नजर आ रहा है।

Supreme Court Grants Arun Gawli bail
अरुण गवली (Photo: IANS/File)

तेजस्वी घोसालकर की जीत

भाजपा की उम्मीदवार तेजस्वी घोसालकर ने मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में शिवसेना (उद्धव ठाकरे) की नेता और अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी धनश्री विलास कोलगे को हराकर जीत दर्ज की। उनकी इस जीत ने दहिसर इलाके में भाजपा को मजबूती दी है।

चुनाव से ठीक पहले उद्धव ठाकरे गुट छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं घोसालकर ने 10,755 वोट के अंतर से जीत हासिल की है। दहिसर की वार्ड संख्या दो से चुनाव लड़ रहीं घोसालकर को 16,484 वोट मिले, जबकि कोलगे को 5,729 वोट प्राप्त हुए।

Tejasvee Ghosalkar Joins BJP
उद्धव गुट छोड़कर तेजस्वी घोसालकर पिछले महीने बीजेपी में हुईं थी शामिल

पूर्व पार्षद तेजस्वी घोसालकर दिवंगत शिवसेना (यूबीटी) नेता अभिषेक घोसालकर (Abhishek Ghosalkar) की पत्नी हैं, जिनकी फरवरी 2024 में उनके कार्यालय में मॉरिस भाई नाम के व्यक्ति ने फेसबुक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद आरोपी ने भी आत्महत्या कर ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *