भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस को लेकर राजधानी लखनऊ में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पार्टी इस बार स्थापना दिवस को सिर्फ औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर इसे संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान के रूप में मनाने जा रही है। 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलने वाले इस सप्ताहभर के कार्यक्रम में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी की जाएगी। तैयारी बैठक में तय हुआ पूरा खाका स्थापना दिवस कार्यक्रमों को लेकर लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की अध्यक्षता में कैसरबाग स्थित महानगर कार्यालय पर एक विस्तृत तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और विभिन्न स्तरों पर होने वाले आयोजनों की रणनीति तय की गई। इसके बाद वसंत कुंज स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर प्रस्तावित गौरव सम्मान समारोह की तैयारियों का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह भी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ध्वजारोहण से होगी शुरुआत कार्यक्रमों की शुरुआत 6 अप्रैल को सुबह 9 बजे लखनऊ महानगर कार्यालय में ध्वजारोहण के साथ होगी। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी स्वयं पार्टी का ध्वज फहराएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। शाम को होगा भव्य गौरव सम्मान समारोह स्थापना दिवस के मुख्य आकर्षण के रूप में शाम 5 बजे वसंत कुंज स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर “गौरव सम्मान समारोह” आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में जनसंघ के समय से जुड़े करीब 300 वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।


