तृणमूल सरकार की उन्नयनेर पांचाली के मुकाबले में भाजपा का चोरदेर पांचाली अभियान : Suvendu

तृणमूल सरकार की उन्नयनेर पांचाली  के मुकाबले में भाजपा का चोरदेर पांचाली  अभियान : Suvendu

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि भाजपा तृणमूल कांग्रेस सरकार के कथित गलत कामों से लोगों को अवगत कराने के लिए पूर्व मेदिनीपुर ज़िले में ‘चोरदेर पंचाली’ नामक झांकियां निकालेगी।

अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किया गया उन्नयनेर पांचाली (विकास की गाथा) अभियान, नरेन्द्र मोदी नीत सरकार और राज्य में विपक्षी दलों के बारे में झूठ फैला रहा है।

उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘‘भले ही लोग अब तृणमूल कांग्रेस के धोखे को समझ चुके हैं, फिर भी भाजपा को इस अभियान का मुकाबला करना होगा और लोगों को सच्चाई दिखानी होगी। कल से हम नंदीग्राम समेत पूर्व मेदिनीपुर में चोरदेर पांचाली (चोरी की कहानियां) की झांकियां निकालेंगे।

रैली को संबोधित करते हुए अधिकारी ने आरोप लगाया कि नंदीग्राम के हिंदू सत्ताधारी पार्टी द्वारा संरक्षित जिहादी तत्वों के भय में जी रहे हैं।
उन्होंने कहा, जब हिंदू एकजुट नहीं होते तो क्या होता है, यह सीमा पार बांग्लादेश में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

एक समय बांग्लादेश की जनसंख्या में हिंदुओं की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत थी, लेकिन अब यह घटकर 7 प्रतिशत रह गई है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, अगर नंदीग्राम के हिंदू एकजुट नहीं होते हैं, तो अत्याचार और बढ़ेंगे।

तृणमूल के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने कहा कि अधिकारी सत्ता में आने के लिए ध्रुवीकरण का खतरनाक दांव खेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, बंगाल के लोग भाजपा की चाल में नहीं फंसेंगे, जो बांग्लादेश में हिंसा की घटनाओं का हवाला देकर यहां सांप्रदायिक कलह के बीज बो रही है।
पश्चिम बंगाल में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और तृणमूल कांग्रेस की नजर लगातार चौथी बार सत्ता में आने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *