भाजपा प्रतिनिधियों ने मोनालिसा की सुरक्षा पर जताई चिंता:नाबालिग होने का आरोप लगाकर पासपोर्ट रद्द और जांच की मांग उठाई, एसपी से मिले

भाजपा प्रतिनिधियों ने मोनालिसा की सुरक्षा पर जताई चिंता:नाबालिग होने का आरोप लगाकर पासपोर्ट रद्द और जांच की मांग उठाई, एसपी से मिले

खरगोन में कुंभ मेले के दौरान माला बेचते हुए वायरल हुई महेश्वर की मोनालिसा की फरमान खान से शादी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गुरुवार शाम को भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने एसपी रवींद्र वर्मा से मुलाकात कर मामले में चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल में महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, बड़वाह विधायक सचिन बिरला और भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे शामिल थे। उन्होंने मोनालिसा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उसका पासपोर्ट रद्द करने की मांग की। नाबालिग होने का दावा किया
नेताओं के अनुसार, मोनालिसा के परिवार का कहना है कि वह नाबालिग है। आरोप है कि फरमान उसे फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर केरल ले गया और वहां दबाव बनाकर शादी कर ली। नेताओं ने कहा कि अगर लड़की नाबालिग है, तो यह शादी गैरकानूनी है। भाजपा नेताओं ने मोनालिसा को उसके परिवार से मिलवाने और दर्ज एफआईआर की जल्द जांच करने की मांग भी की। विदेश भेजे जाने की आशंका को लेकर शिकायत की प्रतिनिधिमंडल ने मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए आशंका जताई कि मोनालिसा को विदेश भेजा जा सकता है। इसी वजह से पासपोर्ट तत्काल रद्द करने और दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की गई। अंतरधार्मिक विवाह पर भी उठे सवाल
नेताओं ने कहा कि वे अंतरधार्मिक विवाह के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इस मामले में शादी से पहले धर्म परिवर्तन नहीं किया गया, इसलिए शादी को मान्य नहीं माना जा सकता। मंदिर में इस तरह शादी करना भी गलत बताया गया। एसपी रवींद्र वर्मा ने आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जा रही है। पुख्ता सबूत मिलने के बाद ही आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *