भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने गोरखपुर शहर एवं ग्रामीण विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथों पर जाकर “विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान” का स्थलीय निरीक्षण किया।
कार्यकर्ताओं का बढ़ाए मनोबल
इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और स्वयं भी कई मतदाताओं से संवाद किया।
निरीक्षण के अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना अत्यंत आवश्यक है।
इस अभियान को घर-घर पहुंचाए
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस अभियान में एक भी मतदाता छूटना नहीं चाहिए तथा घर-घर जाकर सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों के फॉर्म भरवाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है, जिसे भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ निभाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं एवं पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों तक विशेष रूप से पहुंच बनाएं।
गोरखपुर में कई वार्डों का किए निरीक्षण
क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने गोरखपुर शहर विधानसभा के अंतर्गत मालवीय नगर मंडल के वार्ड संख्या 1,4,7 व 67 , बिस्मिल नगर मंडल के वार्ड संख्या 23 , दीनदयाल नगर मंडल के वार्ड संख्या 70, गोरक्षनगर मंडल के वार्ड संख्या 15 व 78 तथा गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा की गीता नगर मंडल की वार्ड संख्या 75 , मिर्जापुर मंडल की वार्ड संख्या 11 तथा भौवापार और मंडल के शक्ति केंद्र पिछौरा के कई बूथों पर पहुंच कर अभियान की समीक्षा की।
इस अवसर पर संबंधित मंडल अध्यक्ष, पार्षद गण, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


