उदयपुर के बीजेपी महिला मोर्चा का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसे आगामी निकाय चुनाव और संगठन विस्तार से पहले एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ शामिल हुईं। टाउन हॉल स्थित दीनदयाल सभागार में यह सम्मलेन रखा गया था। राहुल गांधी और विपक्ष पर तीखा हमला
राखी राठौड़ ने अपने संबोधन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल विदेशी एजेंडे पर काम करते हैं। वे देश की छवि खराब करने की कोशिश में रहते हैं। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कभी पेगासस तो कभी हिंडनबर्ग जैसे मुद्दों को उठाकर राहुल गांधी संसद की कार्यवाही रोकने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष पूरी तरह से निराशा में डूबा हुआ है। विदेशी ताकतों के इशारे पर चलने के कारण ही कांग्रेस का पतन हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि राहुल गांधी की बातों को अब गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जनता उनका असली चेहरा पहचान चुकी है। पुराने बजट को लेकर कांग्रेस को घेरा
राजस्थान के मौजूदा बजट की तारीफ करते हुए राखी राठौड़ ने कांग्रेस के शासनकाल की याद दिलाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार कितनी गंभीर थी, यह इसी बात से पता चलता है कि उनके मुख्यमंत्री ने विधानसभा में पिछला बजट ही पढ़ लिया था। उन्होंने डोटासरा के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पांच साल सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने का काम किया। राठौड़ ने दावा किया कि वर्तमान बीजेपी सरकार ने पिछले बजट का 90 फीसदी काम पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि जितना काम कांग्रेस ने पांच साल में नहीं किया, उससे कहीं ज्यादा काम बीजेपी सरकार ने महज दो साल में करके दिखा दिया है। महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
सम्मेलन के दौरान राखी राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की भजनलाल सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पित है। महिलाओं के लिए पेश किया गया यह बजट अब तक का सबसे बेहतरीन बजट है। सरकार का लक्ष्य हर महिला को सुरक्षा और सम्मान देना है। उन्होंने सम्मेलन में मौजूद महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष पद की महिला दावेदारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपना-अपना प्रभाव दिखाने की कोशिश की।


