भाजपा नेता के भतीजे ने युवक को मारा बका:दमोह के पथरिया में घर में घुसकर किया हमला, बाइक छोड़कर भागा आरोपी

भाजपा नेता के भतीजे ने युवक को मारा बका:दमोह के पथरिया में घर में घुसकर किया हमला, बाइक छोड़कर भागा आरोपी

दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में भाजपा नेता के भतीजे ने एक युवक पर धारदार हथियार ‘बका’ से हमला किया। गुरुवार दोपहर हुई इस घटना में घायल युवक दलू पटेल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले का आरोप भाजपा नेता पथरिया नगर पंचायत अध्यक्ष सुंदर विश्वकर्मा के भतीजे सोनू विश्वकर्मा पर लगा है। वार्ड क्रमांक 7 निवासी दयाराम उर्फ दलू पटेल (40) पुत्र बालकिशन पटेल पर उनके घर में घुसकर सिर पर बका से हमला किया गया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल के भतीजे गणेश पटेल ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा के भतीजे सोनू विश्वकर्मा ने घर में घुसकर हमला किया। गणेश के अनुसार, उनका आरोपी से पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हमला किया गया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। आरोपी सोनू विश्वकर्मा अपनी बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल दयाराम पटेल को परिजन तत्काल इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही पथरिया पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। इस संबंध में जब नगर पंचायत अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि वह एक मीटिंग में हैं और इस समय बात नहीं कर सकते।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *