भास्कर न्यूज | लुधियाना संसद के बाहर राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ अपमानजनक और असभ्य भाषा इस्तेमाल किए जाने के विरोध में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी, लुधियाना द्वारा ताजपुर रोड पर एक जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा के वरिष्ठ नेता सनी मलिक ने अपने साथियों के साथ की। इस मौके पर भाजपा के नेताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस मौके पर सनी मलिक ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा संसद की मर्यादा को ताक पर रखकर एक केंद्रीय मंत्री के लिए अनुचित इस्तेमाल का प्रयोग करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यह सोच सिर्फ राजनीतिक निराशा नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक संस्थानों का अपमान भी है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और मांग की कि वे अपने बयान के लिए देश से माफी मांगें। सनी मलिक ने कहा कि जिस सिख भाई के परिवार ने पंजाब के लिए कुर्बानियां दी हैं, उसे ‘गद्दार’ कहकर संबोधित करना सिर्फ उस व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब का अपमान है। देश की राजधानी में एक सिख परिवार और एक देशभक्त सिख नेता को बदनाम करना बिलकुल अस्वीकार्य है।


