एक अजीबोगरीब नौकरी सामने आई है। दिल्ली विधानसभा में नौकरी पाने का एक अनोखा मौका सामने आया है। अगर कोई व्यक्ति कुत्ते, बिल्ली या खासतौर पर लंगूर जैसी आवाजें निकालने में माहिर है, तो यह हुनर उसे रोजगार दिला सकता है। दरअसल, दिल्ली सरकार विधानसभा परिसर में बंदरों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए लंगूर की आवाज निकालने वाले लोगों की तैनाती की योजना बना रही है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बाकायदा टेंडर जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधानसभा भवन और उसके आसपास अक्सर बंदरों का जमावड़ा रहता है। इससे विधायकों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई बार बंदरों की वजह से अव्यवस्था और हादसों का खतरा भी बना रहता है।
लंगूर की आवाज से समाधान
PWD का मानना है कि लंगूर की आवाज बंदरों को दूर रखने में कारगर साबित हो सकती है। इसी वजह से ऐसे लोगों की सेवाएं लेने की योजना बनाई गई है, जो लंगूर की आवाज निकाल सकें। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर ये कर्मचारी एक असली लंगूर को भी साथ रख सकते हैं, ताकि बंदरों को भगाया जा सके।
Langur Job: आठ घंटे की होती है ड्यूटी
चयनित व्यक्ति को सोमवार से शनिवार तक रोजाना आठ घंटे की ड्यूटी करनी होगी। साथ ही, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा कवरेज की सुविधा भी दी जाएगी। सैलरी की बात करें तो इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है लेकिन 30 से 32 हजार महीने तक सैलरी दी जा सकती है।
पहले भी आजमाए जा चुके हैं उपाय
पहले विधानसभा परिसर में लंगूर की मूर्तियां लगाई गई थीं, लेकिन अब बंदर उनसे डरते नहीं हैं। वे अक्सर इन मूर्तियों पर ही बैठ जाते हैं। इससे पहले साल 2023 में G-20 समिट के दौरान भी बंदरों की समस्या सामने आई थी। तब लंगूर के पुतले लगाए गए थे और कुछ लोगों को लंगूर की आवाज निकालने के लिए तैनात किया गया था।


