छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सहायक एवं चिरमिरी के भाजपा नेता राजेंद्र दास ने पत्नी का बर्थडे सड़क पर सेलीब्रेट किया। सड़क पर कार खड़ी कर केक काटा गया और आतिशबाजी भी की। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा नेता द्वारा पत्नी का सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म में शेयर कर सवाल किया है कि क्या नियम सिर्फ आम जनता के लिए है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सहायक राजेंद्र दास ने अपनी पत्नी का बर्थडे सेलिब्रेशन चिरमिरी में सड़क पर किया। सड़क पर लग्जरी कार के बोनट पर केक काटा गया और आतिशबाजी भी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो गुरुवार रात का बताया गया है। कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट कर उठाये सवाल
सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन को लेकर हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है और ऐसे कई मामलों में सख्त टिप्पणी भी की है। राजेंद्र दास द्वारा पत्नी का सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर किया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है-
“स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विशेष निज सहायक राजेंद्र दास, जो खुद भाजपा नेता भी हैं, सड़क पर खुलेआम पत्नी का जन्मदिन मना रहे हैं। पटाखों और आतिशबाजी के बीच सड़क को निजी जागीर बना दिया गया। क्या हाईकोर्ट का नियम सिर्फ आम जनता के लिए है? भाजपा नेताओं और उनके सहायकों पर नियम लागू नहीं होता क्या?” वर्षों से मंत्री के साथ जुड़े हैं दास कांग्रेस ने पोस्ट में राजेंद्र दास को भाजपा नेता के साथ विशेष निज सहायक बताया है। दरअसल राजेंद्र दास कई वर्षों से मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से जुड़े हैं। सरकारी हलके में उन्हें सुपर मंत्री भी कहा जाता है। मंत्री के श्याम बिहारी जायसवाल आफिशियल निज सहायक प्रकाश शुक्ला हैं, लेकिन विभाग एवं अधिकारियों के बीच ज्यादा पैठ राजेंद्र दास की है। इस लिहाज से वे चर्चित हैं। MCB जिले के भाजपा नेताओं के अनुसार राजेंद्र दास भाजपा के किसी पद पर नहीं हैं। वे मंत्री से सीधे जुड़े हैं।


