एपस्टीन फाइल्स पर बिल गेट्स ने पहली बार दिया बयान, कहा – मुझे पछतावा है, मैं माफी मांगता हूं

एपस्टीन फाइल्स पर बिल गेट्स ने पहली बार दिया बयान, कहा – मुझे पछतावा है, मैं माफी मांगता हूं

दुनिया के सबसे चर्चित यौन अपराध मामलों में शामिल जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइल्स एक बार फिर सुर्खियों में छाई हुई हैं। हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने इससे जुड़े नए दस्तावेज सार्वजनिक किए है जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए है। इन्हीं दस्तावेजों में माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स से जुड़ी एक ईमेल भी शामिल है जिसके चलते एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अब इस मामले पर पहली बार गेट्स ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और एपस्टीन के साथ बिताए हर मिनट पर पछतावा जताया है।

एपस्टीन फाइल्स में क्या है दावा

DOJ द्वारा 30 जनवरी देर रात 30 लाख (3 मिलियन) से ज़्यादा पन्नों के डॉक्यूमेंट्स और 2,000 से अधिक वीडियो और 1,80,000 तस्वीरें सार्वजनिक की गई थी। इन्हीं में एक ईमेल शामिल थी, जिसे कथित तौर पर जेफ्री एपस्टीन ने लिखा था। इसमें दावा किया गया कि वह बिल गेट्स के अवैध संबंधों और निजी मुलाकातों में मदद करता था। एपस्टीन ने यहां तक लिखा कि उसने गेट्स को ड्रग्स उपलब्ध कराने और रूसी लड़कियों से संबंधों के नतीजों से निपटने में सहायता की थी। हालांकि यह ईमेल कभी भेजा नहीं गया था। गेट्स ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताते हुए कहा कि यह उन्हें बदनाम करने की कोशिश हो सकती है।

कैरिबियन द्वीप का दौरा नहीं किया – गेट्स

मीडिया बातचीत के दौरान गेट्स ने कहा कि उन्हें एपस्टीन के साथ बिताया हर पल खलता है। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने एपस्टीन से पहली बार 2011 में मुलाकात की थी और तीन वर्षों में दोनों ने साथ केवल कुछ डिनर ही किए। गेट्स ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी एपस्टीन के कैरिबियन द्वीप का दौरा नहीं किया और न ही किसी महिला के साथ अवैध संबंध बनाए। उनके अनुसार एपस्टीन से उनकी जो भी बातचीत हुई उसका फोकस सिर्फ अमीर लोगों से वैश्विक स्वास्थ्य के लिए फंड जुटाने पर था, जो बाद में बेकार साबित हुआ।

मेलिंडा गेट्स ने कहा इससे पीड़ादायक दौर की यादें ताजा हो गई

गेट्स की पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने यह पूरा मामला सामने आने पर मीडिया बातचीत के दौरान इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि इस रिश्ते पर अब भी कई सवालों के जवाब बाकी हैं। मेलिंडा ने मीडिया बातचीत के दौरान कहा कि इन दस्तावेजों ने उनकी शादी के बेहद पीड़ादायक दौर की यादें ताजा कर दी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें सामने आना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से कठिन है। मेलिंडा ने स्पष्ट किया कि इस मामले से जुड़े जो भी सवाल अब भी बाकी हैं, उनके जवाब संबंधित लोगों को देने होंगे, न कि उन्हें। उल्लेखनीय है कि बिल और मेलिंडा का तलाक वर्ष 2021 में हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *