जैसीनगर में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में बिना पूर्व सूचना और अनुमति के अनुपस्थित रहे बिहलरा नगर परिषद के सीएमओ केबीएस बघेल को कलेक्टर संदीप जीआर ने निलंबित कर दिया है। कलेक्टर कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार सीएमओ बिलहरा केबीएस बघेल को पूर्व में ही जनसुनवाई के संबंध में सूचना दे दी गई थी। इसके बाद भी वे बिना अनुमति के अनुपस्थित रहे, जिससे नगर परिषद से संबंधित शिकायतों की उचित समीक्षा नहीं की जा सकी। कलेक्टर ने मंगलवार को सीएमओ बघेल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। सीएमओ बघेल ने अनुपस्थित होने के संबंध में कोई भी कारण स्पष्ट नहीं किया और न ही स्वयं समक्ष में उपस्थित हुए। इसके बाद बुधवार को कलेक्टर ने उनका निलंबन आदेश जारी कर दिया। सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के उपबंधों का उल्लंघन करना पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।


