श्रीगंगानगर। इलाके में हाल ही में महिला थाना की सीआई ज्योति नायक की सड़क हादसे में मौत के पांचवें दिन शनिवार देर रात बसंती चौक क्षेत्र में एक और दर्दनाक दुर्घटना हो गई। निर्माणाधीन सड़क पर अचानक श्वान के आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, इससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना शनिवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे की है। सेतिया कॉलोनी निवासी दो युवक सूरतगढ़ बाइपास से अपने घर लौट रहे थे। बसंती चौक स्थित जस्सासिंह मार्ग पर शराब ठेके के पास सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान बाइक के आगे अचानक एक श्वान आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और बाइक धड़ाम से सड़क पर गिर गई। मौके पर श्वान की मौत भी हो गई। वहीं सड़क पर बिछाई गई ढीली ग्रिट पर गिरने से प्रेम नगर निवासी 26 वर्षीय गुरसिमरन का सिर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। राहगीरों की सूचना पर दोनों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गुरसिमरन ने दम तोड़ दिया। बाइक चला रहे सेतिया कॉलोनी निवासी हरमीत सिंह को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे ब्लॉक एरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक गुरसिमरन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता की पटेल मार्केट में मेडिकल स्टोर की दुकान है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विदित रहे कि पांच दिन पहले बुधवार तड़के दुर्गा मंदिर-रमेश चौक के पास कार की टक्कर से महिला थाना की सीआई ज्योति नायक की भी मौत हो गई थी। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने शहरवासियों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
अधूरी सड़क और आवारा श्वान बने हादसे की वजह
पूर्व पार्षद पवन जोग ने बताया कि बसंती चौक क्षेत्र में जस्सासिंह मार्ग का एक हिस्सा लंबे समय से समस्या बना हुआ है। बरसात के दिनों में यहां जलभराव रहता है। स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन के बाद यूआईटी ने यहां सीसी रोड निर्माण शुरू तो कराया, लेकिन कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। जोग के अनुसार ठेकेदार ने सड़क पर ग्रिट बिछाकर काम अधूरा छोड़ रखा है, जिससे दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। शनिवार रात भी बाइक इसी कारण फिसली। साथ ही क्षेत्र में आवारा श्वानों की समस्या गंभीर है। श्वान को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर यूआईटी की लापरवाही से अधूरी सड़क जानलेवा बनी हुई है, वहीं नगर परिषद आवारा श्वानों की समस्या का समाधान नहीं कर पा रही है। इन दोनों कारणों ने मिलकर एक और परिवार को उजाड़ दिया।
यहां आवारा श्वानों का झुंड
बसंती चौक जस्सासिंह मार्ग पर आवारा श्वानों के झुंड रात के समय देखे जा सकते है। शराब ठेके के पास अंडे और मांस मच्छी के शौकीनों के लिए वहां सरेआम अस्थायी दुकानें संचालित हो रही है। इस वजह से आवारा श्वान वहां डेरा डाले रहते है। दुपहिया वाहनों से टकराने के दौरान श्वान खुद के साथ साथ बाइक सवार लोगों को भी अपनी चपेट में ले लेते है। इलाके के जागरूक नागरिक संदीप बंसल का कहना है कि आवारा श्वानों के हमले से कई राहगीर घायल भी हो चुके है।


