सिंगरौली जिले के माजन मोड़ पर सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से भाग निकली। इस हादसे में बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया है। घायल युवक बैढ़न से चौराहे की ओर होते हुए नवानगर जा रहा था, तभी माजन मोड़ के पास यह एक्सीडेंट हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाई और घायल को एक ई-रिक्शा में लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर की टीम उसका इलाज कर रही है। ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल मौके पर मौजूद सुरेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस इलाके में ट्रैफिक का बुरा हाल है। गाड़ियों की बेलगाम रफ्तार और लापरवाही की वजह से आए दिन यहां एक्सीडेंट हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि माजन मोड़ जैसे भीड़भाड़ वाले चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और ठोस इंतजाम होने चाहिए ताकि बेगुनाह लोगों की जान खतरे में न पड़े। पुलिस कर रही है तलाश हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों की मदद से उस वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है जो टक्कर मारकर फरार हो गया। प्रशासन से भी मांग की गई है कि व्यस्त रास्तों पर गाड़ियों की रफ्तार पर लगाम लगाई जाए।


