झांसी में बाइक सवार पूर्व प्रधान समेत दो की मौत:अज्ञात वाहन की टक्कर से 10 मीटर तक घिसटे, मोठ से झांसी आ रहे थे

झांसी में बाइक सवार पूर्व प्रधान समेत दो की मौत:अज्ञात वाहन की टक्कर से 10 मीटर तक घिसटे, मोठ से झांसी आ रहे थे

झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में पारीछा पावर प्लांट के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व प्रधान समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बाइक सवार दो लोगों को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के पुल गहना गांव निवासी पूर्व प्रधान कृष्ण गोपाल शर्मा (56) पुत्र रामनारायण शर्मा अपने साथी बहीद खान के साथ मोठ से झांसी आ रहे थे। बाइक कृष्ण गोपाल चला रहे थे और बहीद पीछे बैठे थे। जैसे ही वे बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित पारीछा थर्मल पावर प्लांट के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल उठाया, लेकिन कृष्ण गोपाल शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के भतीजे सत्यम ने बताया कि चाचा निजी काम के लिए झांसी आ रहे थे। इलाज के दौरान बहीद की भी मौत
गंभीर रूप से घायल बहीद खान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने कृष्ण गोपाल शर्मा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले में परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *