आगरा के थाना ट्रांस यमुना अंतर्गत शाहदरा फ्लाई ओवर पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर बैठे दोनों युवक फ्लाई ओवर से करीब 30 फीट नीचे सड़क पर जा गिरे। दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी ट्रांस यमुना हरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार रात को रामबाग की ओर से बाइक पर दो युवक छलेसर की ओर जा रहे थे। शाहदरा फ्लाई ओवर पर पीछे से आ रही राजस्थान नंबर की तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मारी। टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाई ओवर की बाउंड्री से टकरा गई। जिससे बाइक पर बैठे दोनों युवक फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर गिर पडे़। युवकों के गिरने पर आसपास के लोग पहुंचे। दोनों युवक खून से लथपथ थे। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बीटेक का था छात्र, दूसरा युवक राजस्थान का
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त की। बाइक चला रहा युवक छलेसर निवासी अभिषेक शर्मा था। पिता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि बेटा आगरा कॉलेज से बीटेक कर रहा था। वो रामबाग से वापस घर आ रहा था। बेटे की मौत की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। पीछे दूसरा युवक बैठा था, उसके बारे में जानकारी नहीं है। पुलिस ने दूसरे युवक की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पता नहीं चला। बाद में मोबाइल से सीडीआर और कॉल डिटेल के आधार पर उसकी शिनाख्त राजस्थान निवासी सतवीर के रूप में हुई। वो अभिषेक के साथ बाइक पर कैसे आया, इसके बारे में पता नहीं चल पा रहा है। कार पर 8 चालान
मृतक अभिषेक के परिजन ने बताया कि कार के नंबर से चालक के बारे में जानकारी जुटाई। कार पर तेज रफ्तार के 8 चालान है। कल रात भी कार तेज रफ्तार में थी।


