हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को धौलाना रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जानकारी के अनुसार, गांव हिंडालपुर निवासी अरविंद कश्यप अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। धौलाना रोड पर पहुंचते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अरविंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अरविंद को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके। कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि तहरीर आने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


