हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में पूर्व प्रधान के 35 वर्षीय पुत्र की मौत हो गई। सोमवार रात तेरहवीं की दावत से लौटते समय एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया बेड़ीजोर मार्ग पर बेसहारा गांव के पास हुई। मृतक की पहचान मुर्वा शहाबुद्दीन गांव के पूर्व प्रधान राज बहादुर के पुत्र प्रेमपाल (35) के रूप में हुई है। प्रेमपाल सोमवार रात हरपालपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव से भोलानाथ के पुत्र गुड्डू की तेरहवीं संस्कार की दावत खाकर अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान, अरवल थाना क्षेत्र के बेसहारा गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल प्रेमपाल को हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रेमपाल के परिवार में उनकी पत्नी रेखा और दो पुत्र हैं। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।


