बाराबंकी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आई बाइक:ओवरटेक करते समय हुआ हादसा, महिला की मौत; चालक फरार

बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में बिन्दोरा–परसपुर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। मृतका की पहचान बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र स्थित भिज्जूपुरवा निवासी नगीना पत्नी शिवचरण के रूप में हुई है। नगीना अपने पुत्र कपूर के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। बाइक उनका बेटा चला रहा था। बिन्दोरा–परसपुर के पास सामने चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक का पहिया सड़क किनारे जमा कीचड़ में फिसल गया। इससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई और महिला नगीना की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडे और उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे फैले कीचड़ और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को इस हादसे का मुख्य कारण बताया है। वहीं, पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *