संभल में बाइक टकराई, सीमेंट कैप्सूल में लगी आग:मुरादाबाद-आगरा हाईवे डेढ़ घंटे जाम रहा, युवक घायल, चार फायर स्टेशन से गाड़ियां पहुंची

संभल में बाइक टकराई, सीमेंट कैप्सूल में लगी आग:मुरादाबाद-आगरा हाईवे डेढ़ घंटे जाम रहा, युवक घायल, चार फायर स्टेशन से गाड़ियां पहुंची

संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर एक सीमेंट से भरे कैप्सूल में आग लग गई। यह घटना देर रात बाइक और कैप्सूल की टक्कर के बाद हुई। बाइक के सड़क पर फिसलने से निकली चिंगारी ने कैप्सूल के टायरों में आग लगा दी। इस हादसे में कैप्सूल को 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ, जबकि बाइक पूरी तरह जल गई। घटना के कारण हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। यह घटना संभल जिले की चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र में हुई। रात करीब 12:30 बजे नाधौस गांव निवासी पिंटू अपनी बाइक से बहजोई कस्बे से गांव की ओर जा रहा था। तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सीमेंट से भरे कैप्सूल से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर घिसटती हुई टायरों से जा टकराई, जिससे चिंगारी निकली और आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। 3 तस्वीरों में देखिए हादसा… घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल पिंटू को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बहजोई, बबराला, गुन्नौर और चंदौसी से दमकल की गाड़ियां भी मौके पर बुलाई गईं। चार दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कैप्सूल के टायरों में लगी आग पर काबू पाया। आग की भीषणता और संभावित बड़े हादसे को टालने के लिए पुलिस ने आगरा-मुरादाबाद हाईवे को दोनों ओर से बंद कर दिया। इससे लगभग दो घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही यातायात बहाल किया गया। क्राइम इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि टक्कर और आग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने पुष्टि की कि युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और आग पर समय रहते काबू पा लिया गया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *