बीकानेर जिला उद्योग संघ के चुनाव इस बार बेहद रोचक हो गए हैं। 20 मार्च को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए अब सीधी टक्कर वर्तमान अध्यक्ष डीपी पच्चीसिया और सुशील थिरानी के बीच रह गई है। खास बात यह है कि दोनों रिश्ते में मामा-भांजा हैं, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। इस बार चुनाव में कुल तीन उद्यमियों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें डीपी पच्चीसिया, सुशील थिरानी और विनोद बाफना शामिल थे। हालांकि बाद में विनोद बाफना ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद मुकाबला दो प्रत्याशियों के बीच सिमट गया है। पिछले 18 वर्षों से अध्यक्ष पद पर काबिज डीपी पच्चीसिया अपने कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को आधार बनाकर उद्यमियों से समर्थन मांग रहे हैं। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी सुशील थिरानी पिछले वर्षों में अपेक्षित कार्य नहीं होने का आरोप लगाते हुए बदलाव के नाम पर वोट मांग रहे हैं। चुनाव को लेकर दोनों पक्ष पूरी ताकत झोंक चुके हैं। उद्यमियों के घर-घर जाकर संपर्क किया जा रहा है, वहीं औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बैठकों का दौर भी जारी है। चुनावी माहौल को देखते हुए दोनों गुटों के बीच पुराने मतभेदों को दूर करने की भी कोशिशें की जा रही हैं। इस बार के चुनाव में युवा मतदाताओं की संख्या भी खास भूमिका निभा रही है। बड़ी संख्या में युवा उद्यमी खुलकर सोशल मीडिया के माध्यम से अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। ऐसे में 20 मार्च को होने वाला यह चुनाव उद्योग जगत के लिए बेहद अहम और दिलचस्प माना जा रहा है। बीकानेर जिले के सात सौ से ज्यादा उद्यमी जिला उद्योग संघ के सदस्य है, ये सभी वोटिंग करेंगे। इनमें बीकानेर के अलावा आसपास के सभी कस्बों के उद्यमी भी शामिल है। ऐसे में चुनाव प्रचार शहर की सीमाओं से निकलकर पूरे जिले तक चल रहा है। जिला उद्योग संघ से जुड़े व्यापारी रवि पुरोहित का कहना है कि इस बार मुकाबला हो रहा है। सभी उद्यमियों को मिलकर अधिकाधिक मतदान करना चाहिए ताकि बीकानेर के विकास में सभी उद्यमी सहयोग दे सकें।


