Bikaner Accident: मातम में बदला 25वीं सालगिरह का जश्न, दीवार फांदकर घर में घुसी कार, दिल्ली निवासी की दर्दनाक मौत

Bikaner Accident: मातम में बदला 25वीं सालगिरह का जश्न, दीवार फांदकर घर में घुसी कार, दिल्ली निवासी की दर्दनाक मौत

Car Crashes Into House: बीकाजी की छतरियों और भांभू टावर के पास रविवार रात करीब एक बजे जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हवा में उछलती हुई एक घर में जा घुसी। घर में 25वीं शादी की सालगिरह का कार्यक्रम चल रहा था। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Bikaner Accident
फोटो: पत्रिका

दीवार फांदकर बाखल में गिरी कार

सागर रोड की ओर से आ रही कार नियंत्रण खो बैठी और पहले दरवाजे, टेंट व घर में खड़ी गाड़ी से टकराते हुए दीवार फांदकर बाखल में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार एक युवक उछलकर सीधे बाखल में गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में फंसे दो अन्य लोगों को घरवालों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

स्टेज के पास बैठे लोग दहशत में

मकान मालिक बलवेश पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम समाप्ति के बाद परिवार के सदस्य स्टेज के पास बैठे बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक हवा में उछलती कार दिखी और अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागे। कुछ सेकेंड की देरी होती तो बड़ा जनहानि हो सकती थी।

Bikaner Accident
फोटो: पत्रिका

एक की मौत, दो घायल

जेएनवीसी पुलिस के अनुसार कार में सवार सुमित आर्य (निवासी अल्मोड़ा, हाल उत्तमनगर दिल्ली) की मौत हो गई। घायलों में राजेश (37) निवासी पिलानी, झुंझुनू और आशीष (22) निवासी झालोन, उत्तरप्रदेश शामिल हैं। तीनों डी-मार्ट की ओर से होटल जा रहे थे। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। मकान मालिक के परिजन ने भी थाने में प्रार्थना-पत्र दिया है।

सालभर में दूसरी बार घर में घुसा वाहन

यह पहला मौका नहीं है। 12 जनवरी 2025 की रात ईंटों से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर घर की बाखल में घुस गया था। तब टैक्सी, टेंट का सामान और निर्माणाधीन दुकान क्षतिग्रस्त हुई थी। सौभाग्य से उस समय परिवार भीतर सो रहा था।

Bikaner Accident
फोटो: पत्रिका

सागर रोड की बनावट पर गंभीर सवाल

पीड़ित परिवार ने सागर रोड के निर्माण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सड़क की बनावट तकनीकी रूप से गलत है। मिट्टी डालकर सड़क को मनमर्जी से ऊंचा किया गया। घुमाव के कारण वाहन नियंत्रण खो देते हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क दुरुस्तीकरण की मांग की है ताकि जानलेवा घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *