Bihar Politics: नीतीश आज लेंगे सांसद पद की शपथ, कहा- ‘दो-चार दिन में वहां नया बनवा देंगे’, कौन-कौन रेस में?

Bihar Politics: नीतीश आज लेंगे सांसद पद की शपथ, कहा- ‘दो-चार दिन में वहां नया बनवा देंगे’, कौन-कौन रेस में?

Nitish to Take Oath as MP Today: बिहार को जल्द ही नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। राज्यसभा सांसद चुने गए जेडीयू के दिग्गज नेता नीतीश कुमार के बिहार का मुख्यमंत्री पद छोड़ने के समय पर अटकलें खुद नीतीश ने गुरुवार को साफ कर दी। गुरुवार को दिल्ली पहुंचे नीतीश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह शुक्रवार को राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेंगे और दिल्ली में ही रहेंगे।

नए लोगों को जिम्मा देंगे

उन्होंने कहा कि ‘वहां (बिहार) छोड़ कर यहां आए हैं। नए लोगों को जिम्मा देंगे। तीन-चार दिन में बिहार में नया (नई सरकार) करवा देंगे। पहले हम दिल्ली में ही थे, बीच में बिहार चले गए, वहां बहुत काम किया, फिर वापस यहां आ गए हैं। नीतीश ने बेटे निशांत कुमार के मंत्री बनने के सवाल पर कहा कि यह पार्टी के नेता बताएंगे।मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली आए जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सांसद पद की शपथ लेने के एक-दो दिन के बाद नीतीश सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। जिसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार सीएम 13 या 14 अप्रेल को बिहार कैबिनेट की बैठक के बाद पद छोड़ेंगे।

भाजपा पर टिकी निगाहें

भाजपा-जेडीयू में हुई बातचीत के तहत नीतीश की जगह अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा जबकि जेडीयू से एक डिप्टी सीएम होगा। नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफे की बात सामने आने के बाद अब उनके उत्तराधिकारी के चयन के लिए भाजपा पर निगाह है। नीतीश पटना लौटने से पहले दिल्ली में भाजपा नेताओं से नए सीएम और सरकार के गठन पर बातचीत कर सकते हैं।

उधर, भाजपा के सूत्रों का कहना है कि नए नेतृत्व का फैसला बिहार भाजपा की कोर कमेटी से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा। भाजपा नए नेतृत्व का चुनाव पूरी सावधानी के साथ करना चाहती है क्योंकि नए मुख्यमंत्री की नीतीश कुमार के साथ तुलना की जाएगी ऐसे में भाजपा पूरी तरह से बेदाग और नेतृत्वशील के हाथ में कमान सौंपना चाहेगी।

दौड़ में कई नाम, सम्राट सबसे आगे

नीतीश के उत्तराधिकारी के रूप में मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम दौड़ में आगे है वहीं विजय कुमार सिन्हा, केन्द्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय, सांसद संजय जायसवाल, दिलीप जायसवाल, जनक कुमार, रेणु देवी, संजीव चौरसिया और जनकराम, मंगल पांडे के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि भाजपा चौंकाने वाले नाम सामने लाती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *