बरेली भाजपा में बड़ा सियासी धमाका, राजीव, विष्णु और आदेश बने महामंत्री, नगर निगम में 10 नामित पार्षदों पर मुहर, शहर की राजनीति में मचा तूफान

बरेली भाजपा में बड़ा सियासी धमाका, राजीव, विष्णु और आदेश बने महामंत्री, नगर निगम में 10 नामित पार्षदों पर मुहर, शहर की राजनीति में मचा तूफान

बरेली। सोमवार को बरेली की सियासत में एक साथ दो बड़े फैसलों ने हलचल मचा दी। एक ओर उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर निगम में 10 नामित पार्षदों की सूची जारी कर दी, वहीं भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने बरेली महानगर कार्यसमिति की नई टीम की घोषणा कर संगठन को नई धार दे दी। दोनों सूचियां सामने आते ही शहर के सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। कहीं जश्न का माहौल दिखा तो कहीं उम्मीदों के टूटने की मायूसी भी दिखाई दी। माना जा रहा है कि इन फैसलों के जरिए भाजपा ने संगठन और सत्ता दोनों मोर्चों पर अपने राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश की है।

संगठन में नई टीम से भाजपा को नई धार

भाजपा प्रदेश नेतृत्व की संस्तुति के बाद जारी बरेली महानगर कार्यसमिति में कई सक्रिय और पुराने कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से नई टीम तैयार की है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह टीम आने वाले समय में संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाएगी।

महानगर महामंत्री और उपाध्यक्षों को मिली अहम जिम्मेदारी

नई कार्यसमिति में आठ नेताओं को महानगर उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें प्रभू दयाल लोधी, डॉ. तृप्ति गुप्ता, विष्णु अग्रवाल, राज किशोर, प्रवेश वर्मा, डॉ. रामचन्द्र मौर्य, अमरीश कठेरिया और विभू शर्मा शामिल हैं। वहीं महानगर महामंत्री के रूप में विष्णु शर्मा, राजीव साहनी और डॉ. आदेश गंगवार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही महानगर मंत्री पद पर अजय चौहान, रितेश गुप्ता, लता सिंह बघेल, रेनू शर्मा, कुमार गौरव शर्मा, राधे गुर्जर, मंजीत सिंह नागपाल और ऋतु सागर को संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी विपिन भास्कर को सौंपी गई है। राजीव सनी को टीम में नई जिम्मेदारी दी है। वह इससे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा व अनुषंगिक संगठनों से जुड़े रहे हैं।

सरकार ने भी खोले पत्ते… 10 नामित पार्षदों की सूची जारी

इसी के साथ उत्तर प्रदेश शासन ने नगर निगमों और नगर पालिकाओं में सरकार की ओर से नामित पार्षदों की सूची भी जारी कर दी। प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद की ओर से जारी आदेश के तहत बरेली नगर निगम के लिए 10 नामों पर मुहर लगाई गई है। सूची सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई और समर्थकों के बीच बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।

0

इन चेहरों को मिला नगर निगम में प्रतिनिधित्व

नगर निगम बरेली में जिन नेताओं को नामित पार्षद बनाया गया है, उनमें ज्ञान प्रकाश लोधी, गौरव सक्सेना, राम बहादुर मौर्य, सुमित सैनी, हरीश बाबू वाल्मीकि, श्रीमती कमला देवी कश्यप, वीरेंद्र, हरिओम गौतम, अशोक चौहान और राजीव कुमार गुप्ता शामिल हैं। नगर निगम अधिनियम के तहत नामित पार्षद भी बोर्ड बैठकों और विभिन्न समितियों में भाग लेते हैं, ऐसे में अब शहर के विकास से जुड़े कई अहम फैसलों में इनकी भागीदारी देखने को मिलेगी।

नई सूची से सियासी समीकरणों की चर्चा तेज

संगठन की नई टीम और नामित पार्षदों की सूची जारी होने के बाद शहर की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है। कई पुराने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों में उत्साह है, वहीं कुछ नामों को लेकर सियासी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने इस कदम से संगठन, सामाजिक संतुलन और स्थानीय प्रभाव को साधने की कोशिश की है, जिसका असर आने वाले समय में शहर की राजनीति में साफ दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *