जयपुर। राजस्थान में सुबह-शाम की सर्दी अब कमजोर पड़ने लगी है, जबकि दिन में गर्मी का अहसास बढ़ गया है। शनिवार को राज्य के 10 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंड अब भी महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी धीरे-धीरे और बढ़ेगी।
एक हफ्ते तक ड्राय रहेगा मौसम, पारा 2–3 डिग्री बढ़ेगा
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के सभी इलाकों में आसमान साफ रहा और सुबह से शाम तक धूप छाई रही। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना से इनकार किया है।
बाड़मेर सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 30 पार
शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 31.8, जैसलमेर में 31.5, चित्तौड़गढ़ और बीकानेर में 31.2, पाली के जवाई बांध क्षेत्र में 31.4 डिग्री तापमान रहा। चूरू, लूणकरणसर, डूंगरपुर और फतेहपुर में भी पारा 30 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ। जयपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर सहित कई जिलों में दिन सुहावना रहा।
फतेहपुर में सबसे ठंडी रात, न्यूनतम 9.4 डिग्री
सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पाली में 10.6, दौसा में 11.6, सिरोही में 11.4, सीकर में 11.5 और अलवर में 11.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वहीं बाड़मेर में रात सबसे कम सर्द रही, जहां न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम में इस बदलाव से अब दिन में हल्की गर्मी का असर साफ दिखने लगा है।


