यूपी की बड़ी खबरें:योगी बोले- त्योहारों पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, उपद्रवियों पर कार्रवाई ऐसी हो जो नजीर बने

यूपी की बड़ी खबरें:योगी बोले- त्योहारों पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, उपद्रवियों पर कार्रवाई ऐसी हो जो नजीर बने

सीएम योगी ने शनिवार रात होली, रमजान, ईद और नवरात्रि जैसे त्योहारों को लेकर सभी जिलों के अफसरों के साथ मीटिंग की। योगी ने सख्ती से कहा- शरारतन माहौल बिगाड़ने वाले उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई हो, जो नजीर बने। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की एक भी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और होली पर ‘रंग में भंग’ डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। सीएम ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, शोभायात्राओं में विशेष सतर्कता बरतने, होलिका दहन समितियों व पीस कमेटियों की बैठकें कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि पर्व-त्योहार उल्लास और भाईचारे का प्रतीक हैं, किसी को आहत करने का माध्यम नहीं। अभद्र गीत-संगीत पर रोक, कानफोड़ू लाउडस्पीकर हटाने, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी और अफवाहों के त्वरित खंडन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति, अतिरिक्त बसों का संचालन, मनमाना किराया वसूलने वालों पर कार्रवाई, पर्याप्त पेयजल व स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। गोरखपुर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से मची भगदड़, लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ आरोपी अरेस्ट गोरखपुर के कैंट इलाके स्थित नेपाल क्लब में शुक्रवार देर रात करीब 1:40 बजे शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अचानक लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वहां मौजूद मेहमानों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद कुछ वरिष्ठ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके हाथ से रिवाल्वर छीन ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्लब के संचालक अतुल कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने दहशत फैलाने व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी संतोष कुमार सिंह निवासी घसियारीपुर, कोतवाली देहात बहराइच को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की रिवाल्वर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा मिस राउंड बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर में पेड़ की छांव में बैठी महिला को स्कॉर्पियो ने रौंदा, विधायक के बेटे के आर्शीवाद समारोह में आई थी कार कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे मैदान में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पेड़ की छांव में बैठी 45 वर्षीय लक्ष्मी को सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मैदान में विधायक के बेटे का आशीर्वाद समारोह चल रहा था, जिसमें शामिल होने आए कुछ लोग स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन ने पीछे से लक्ष्मी को टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन आरोप है कि बैक करते समय गाड़ी दोबारा महिला के ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे हैलट ले जा रहे थे, तभी रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पति गोपाल कश्यप मजदूरी करते हैं और परिवार में पांच बच्चे हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार स्कॉर्पियो का नंबर यूपी-78 एचवी 6030 बताया जा रहा है। गोविंद नगर थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *