IPL 2026 को लेकर जयपुर के क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी उम्मीद जगी है। राजस्थान सरकार ने एसएमएस स्टेडियम में मैच आयोजित कराने के लिए बीसीसीआई को पत्र लिखकर स्टेडियम को पूरी तरह सुरक्षित बताया है और आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
Good News For Cricket Fans: क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबर। यदि सब कुछ ठीक रहा तो आगामी सीजन में जयपुर में भी फटाफट क्रिकेट यानी इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के टी-20 मुकाबले तय माने जा रहे हैं। राजस्थान सरकार ने आइपीएल यहां कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बीसीसीआइ सचिव देवजीत सैकिया को इस संबंध में पत्र लिखा है। इसमें सीएस ने कहा कि आयोजन के लिए एसएमएस स्टेडियम पूरी तरह सुरक्षित है।
उन्होंने बीसीसीआइ टीम को जयपुर आने का आमंत्रण भी दिया है। पिछले वर्ष भी सरकार, बीसीसीआइ और राजस्थान रॉयल्स ने मिलकर गुलाबीनगर में आइपीएल के मुकाबलों का आयोजन किया था। मुख्य सचिव ने पत्र में लिखा कि एसएमएस स्टेडियम में सेफ्टी, सिक्युरिटी और स्ट्रक्चरल संबंधी कोई इश्यू नहीं है। हमने मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जयपुर और पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों से एसएमएस स्टेडियम की पूरी जांच कराई है और उनके अनुसार एसएमएस सुरक्षित है। कुछ कमियां हैं जिन्हें आयोजन से पहले ही सुधार लिया जाएगा।
खेल सचिव को दी जिम्मेदारी
मुख्य सचिव ने कहा कि खेल सचिव डॉ. नीरज के. पवन को आइपीएल के लिए बीसीसीआइ, राजस्थान रॉयल्स, आइपीएल गवर्निंग बॉडी और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के साथ आयोजन की जिम्मेदारी संभालने के लिए नोडल कॉर्डिनेटर बनाया है। वहीं पवन ने कहा कि हम यहां सभी मैच कराने को तैयार हैं। दूसरी ओर आरसीए कन्वीनर डीडी कुमावत ने कहा कि हम भी शुरू से ही प्रयासरत हैं।
इसलिए रुचि नहीं ले रहा आरआर
जानकारी के अनुसार राजस्थान रॉयल्स यहां खेलने में रुचि नहीं ले रहा। इसके निम्न कारण बताए जा रहे हैं- राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) में विवाद, एसएमएस स्टेडियम में नॉर्थ स्टैंड आदि स्थानों पर दर्शकों के बैठने की सुविधा के असुरक्षित होने और फ्री पास की मांग, एसएमएस का एमओयू व आरआर पर आरोप आदि शामिल हैं।
Sports – Patrika | CMS


