CBSE 10th Board Exam 2026: छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर/सूरजपुर जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन Central Board of Secondary Education (CBSE) की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। डीएवी पब्लिक स्कूल तिलसिवां परीक्षा केंद्र में गणित (बेसिक) के प्रश्नपत्र कम पहुंचने से अफरातफरी की स्थिति बन गई और परीक्षा तीन अलग-अलग चरणों में करानी पड़ी।
CBSE 10th Board Exam 2026: पैकेट खोलते ही सामने आई गड़बड़ी
जानकारी के अनुसार, बैंक से प्राप्त सीलबंद बंडल खोलने पर पाया गया कि गणित (बेसिक) कोर्स के पैकेट में अधिकांश प्रश्नपत्र स्टैंडर्ड कोर्स के थे। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले गड़बड़ी सामने आने पर केंद्र में हड़कंप मच गया।
इस केंद्र पर DAV Public School Vishrampur के 132 और Sadhuram Vidya Mandir Surajpur के 51 परीक्षार्थियों की परीक्षा निर्धारित थी। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तय था।
अन्य केंद्रों से मंगाए गए प्रश्नपत्र
स्थिति गंभीर होने पर केंद्र प्रभारी ने बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों और सिटी कोऑर्डिनेटर से संपर्क किया। निर्देश मिलने के बाद अन्य परीक्षा केंद्रों से गणित (बेसिक) के प्रश्नपत्र मंगवाए गए। इस प्रक्रिया में देरी होने से विद्यार्थियों को कक्ष में ही इंतजार करना पड़ा।
तीन चरणों में आयोजित हुई परीक्षा
अंततः पर्याप्त प्रश्नपत्र उपलब्ध होने के बाद परीक्षा को तीन अलग-अलग चरणों में आयोजित किया गया। निर्धारित समय के अनुसार पहला चरण सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ, जबकि प्रश्नपत्रों की उपलब्धता के अनुसार दूसरा चरण 11:15 बजे और तीसरा चरण 12:35 बजे प्रारंभ कराया गया। देरी के बावजूद प्रबंधन ने सभी परीक्षार्थियों को पूरा निर्धारित समय देने का प्रयास किया।
प्रबंधन का कहना है कि परिस्थितियों के बावजूद परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। हालांकि, पहले ही दिन हुई इस चूक ने बोर्ड की तैयारी, वितरण प्रणाली और समन्वय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और विद्यार्थियों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए प्रश्नपत्र वितरण और जांच प्रक्रिया को और सख्त बनाया जाए।


