महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में बड़ा आयोजन, सीएम भजनलाल शर्मा ने 1058 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की दी सौगात

महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में बड़ा आयोजन, सीएम भजनलाल शर्मा ने 1058 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की दी सौगात

हनुमानगढ़। महिला दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम रविवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सहित भाजपा के कई नेता शामिल हुए। अभिवादन के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिला उत्थान से संबंधित लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इसके बाद महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की राशि उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से जमा करवाई गई। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 1058 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया तथा लाडो प्रोत्साहन योजना और उससे जुड़ी मार्गदर्शिका का विमोचन किया।

सीएम ने साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना, नारी शक्ति और बाल पोषण योजना से संबंधित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार महिला उत्थान और किसान हित में लगातार काम कर रही है।

सरकार लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का काम केवल विरोध करना रह गया है। ऐसे लोगों को बाहर की चाय की आदत पड़ गई है, कभी एसडीएम तो कभी एडीएम के पास पहुंच जाते हैं। ऐसे लोगों का इलाज सरकार के पास नहीं है, उन्हें अस्पताल में ही राहत मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने लोगों को ऐसे तत्वों से बचने की सलाह भी दी।

‘खेतों में काम महिला करे, पुरुष धरना दे, ऐसा क्यों’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि प्रधान हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में महिलाएं खेतों में सुबह से शाम तक मेहनत करती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार कुछ पुरुष खेतों की बजाय धरने पर चले जाते हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों जिलों को अन्न का कटोरा कहा जाता है। सरकार ने किसानों के हित में गेहूं पर 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की है, लेकिन कुछ लोगों की आदत विरोध करने की हो जाती है और वे किसी भी फैसले का विरोध करते रहते हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल, श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व मंत्री निहालचंद मेघवाल, डॉ. रामप्रताप, सुरेंद्रपाल सिंह टीटी, पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, अभिषेक मटोरिया, धर्मेंद्र मोची, भाजपा नेता अमित सहू और कैलाश मेघवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आईएएस परीक्षा में 460वीं रैंक हासिल करने वाली हनुमानगढ़ टाउन निवासी गरिमा शर्मा, पुत्री पृथ्वीराज शर्मा का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी युवतियां समाज के लिए प्रेरणा बनती हैं। उन्होंने गरिमा को बधाई देते हुए अन्य युवतियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

लखपति दीदी योजना में एक भी खाता एनपीए नहीं

मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिलाएं ऋण लेकर समय पर उसका भुगतान भी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक इस योजना में एक भी खाता एनपीए नहीं हुआ है, जो बेहद सुखद संकेत है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अब सरकार उन्हें उद्योग स्थापित करने के लिए पहले 50 लाख की जगह एक करोड़ रुपए तक का ऋण उपलब्ध करा रही है। जनधन खातों के माध्यम से महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी तो देश और प्रदेश दोनों और अधिक प्रगति करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *