फरहान अख्तर के प्रोडक्शन एक्सेल एंटरटेनमेंट की बड़ी घोषणा:सबसे बड़े म्यूजिक ग्रुप के साथ की पार्टनरशिप, 2400 करोड़ की कंपनी में 30 प्रतिशत की हिस्सेदारी दी

फरहान अख्तर के प्रोडक्शन एक्सेल एंटरटेनमेंट की बड़ी घोषणा:सबसे बड़े म्यूजिक ग्रुप के साथ की पार्टनरशिप, 2400 करोड़ की कंपनी में 30 प्रतिशत की हिस्सेदारी दी

फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट में UMI (यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया) ने बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है। इस डील के तहत एक्सेल एंटरटेनमेंट की कीमत करीब ₹2,400 करोड़ आंकी गई है और यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया को इसमें 30 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी। इस एग्रीमेंट के बाद यूनिवर्सल म्यूजिक और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर काम करेंगे। इसका सीधा फायदा फिल्मों, वेब सीरीज और उनके म्यूजिक को मिलेगा। अब एक्सेल एंटरटेनमेंट के सभी प्रोजेक्ट्स के ओरिजिनल गाने दुनिया भर में यूनिवर्सल म्यूजिक रिलीज करेगा। ये बड़ी घोषणा सोमवार को मुंबई में की गई है। इस इवेंट में फरहान अख्तर, जावेद अख्तर, रितेश सिधवानी समेत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। डील के तहत एक नया एक्सेल म्यूजिक लेबल भी शुरू किया जाएगा, जिसे यूनिवर्सल म्यूजिक ग्लोबली डिस्ट्रीब्यूट करेगा। साथ ही, एक्सेल के गानों की म्यूजिक पब्लिशिंग की जिम्मेदारी भी यूनिवर्सल म्यूजिक के पास होगी। यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया के चेयरमैन और सीईओ देवराज सान्याल अब एक्सेल एंटरटेनमेंट के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होंगे। हालांकि, कंपनी के क्रिएटिव फैसले पहले की तरह रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ही लेते रहेंगे। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने इस पार्टनरशिप पर कहा, “भारतीय एंटरटेनमेंट की दुनिया लगातार बढ़ रहा है, और यह सही समय है कि हम दुनिया भर में अच्छी पार्टनरशिप करें। हम UMG (यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप) के साथ हाथ मिलाने को लेकर बहुत खुश हैं और मानते हैं कि यह एक क्रिएटिबलव और बदलाव लाने वाला कदम होगा, जो म्यूजिक, फिल्म और नए फॉर्मैट्स में आर्टिस्ट्स और उनके काम के लिए नए मौके देगा। साथ में, हमारा मकसद है कि हमारी सांस्कृतिक कहानियों को पूरी दुनिया तक पहुंचाया जाए।” एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अब तक दिल चाहता है, डॉन, जिंदगी ना मिलेगी दोबारा, गली बॉय, फुकरे, मिर्जापुर, मेड इन हेवन जैसी कई हिट फिल्में और वेब सीरीज बनाई हैं। कंपनी 1999 से लगातार अलग और मजबूत कंटेंट के लिए जानी जाती है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के CEO विशाल रामचंदानी ने कहा, “UMG के साथ यह साझेदारी हमारी राह में एक बड़ा कदम है, जिससे हम कलाकारों के लिए नए मौके बढ़ा सकें और भारतीय कहानियों को दुनिया के नजरिए से दिखा सकें। इनोवेशन और बेहतरीन काम करने के अपने एक जैसे लक्ष्य के साथ, हमारा मकसद एक्सेल को एक क्रिएटिव ग्लोबल स्टूडियो बनाना है, जो नए और ओरिजिनल कंटेंट को अलग-अलग प्लेटफॉर्म और देशों तक पहुँचाए।” वहीं यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के लिए भारत एक बड़ा और तेजी से बढ़ता बाजार है। भारत में करोड़ों लोग फिल्में, वेब सीरीज और गाने देखते-सुनते हैं, जिससे म्यूजिक इंडस्ट्री के आगे बढ़ने की बड़ी संभावनाएं हैं। यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के अफ्रीका, मिडल ईस्ट और एशिया के CEO एडम ग्रेनाइट ने कहा, “आज का ऐलान UMG की भारत में पोजीशन को और मजबूत करता है, जो हमारे लिए एक तेजी से बढ़ता और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण म्यूजिक मार्केट है। ओरिजिनल साउंडट्रैक्स भारत के तेजी से बढ़ते म्यूजिक मार्केट का मुख्य हिस्सा हैं, और भारतीय श्रोताओं में इस तरह के संगीत को सुनने की बढ़ती चाहत दिखाई दे रही है। निवेश और साझेदारी UMG के लिए म्यूजिक के एक बड़े और संभावनाओं वाले बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने का खास मौका है। IFPI के हालिया आंकड़ों के मुताबिक, भारत दुनिया का 15वां सबसे बड़ा रिकॉर्डेड म्यूजिक मार्केट है, और यहां म्यूजिक और वीडियो इंडस्ट्री के बीच मजबूत कनेक्शन है। इसके अलावा, भारत में 375 मिलियन से ज्यादा ‘ओवर-द-टॉप’ दर्शक हैं जो फिल्में, ओरिजिनल शोज, खेल, रियलिटी शोज और डॉक्यूमेंट्री देखते हैं, और 650 मिलियन स्मार्टफोन यूजर्स हैं। ऐसे में आने वाले सालों में इस मार्केट को और बढ़ाने का अच्छा मौका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *