LPG Cylinder: अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ा एक्शन, 56 सिलेंडर व उपकरण जब्त, कई जगहों पर छापे

LPG Cylinder: अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ा एक्शन, 56 सिलेंडर व उपकरण जब्त, कई जगहों पर छापे

Illegal gas refilling: जयपुर। जयपुर शहर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध रिफिलिंग, अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान कुल 56 घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडर सहित कई उपकरण जब्त किए गए हैं।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा शहर में कार्रवाई के लिए तीन विशेष प्रवर्तन दलों का गठन किया गया है। इन दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों का खुलासा किया।

पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर ब्रह्मपुरी क्षेत्र, आमेर रोड में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग की पुष्टि हुई। मौके से 20 घरेलू गैस सिलेंडर, दो इलेक्ट्रॉनिक मोटर और दो कांटे जब्त किए गए। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसी तरह गोपालपुरा बाईपास स्थित श्याम एवं गोयनका जनरल स्टोर पर छापेमारी के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग कर कालाबाजारी किए जाने का मामला सामने आया। यहां से 23 घरेलू गैस सिलेंडर, दो इलेक्ट्रॉनिक मोटर और दो कांटे जब्त किए गए।

वहीं विष्णु मिष्ठान भंडार पर निरीक्षण के दौरान व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की पुष्टि हुई। कार्रवाई के दौरान 13 व्यवसायिक गैस सिलेंडर और तीन रेगुलेटर रबर पाइप सहित जब्त किए गए।

प्रशासन की ओर से एक गैस एजेंसी का भी निरीक्षण किया गया। एजेंसी संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति बनाए रखने, उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और एजेंसी परिसर में अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन के अनुसार जयपुर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ “ऑपरेशन प्रवर्तन – सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर” के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई में जब्त सामग्री

56 घरेलू व व्यवसायिक गैस सिलेंडर
04 इलेक्ट्रॉनिक मोटर
04 कांटे
03 रेगुलेटर रबर पाइप सहित

छापेमारी के प्रमुख स्थान

ब्रह्मपुरी, आमेर रोड
गोपालपुरा बाईपास स्थित श्याम एवं गोयनका जनरल स्टोर
विष्णु मिष्ठान भंडार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *