मथुरा में होली और रंगोत्सव से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत ऑयल मिलों और दुग्ध उत्पाद इकाइयों पर छापे मारे गए, जिसमें 718 किलोग्राम सरसों का तेल जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 96,930 रुपये है। इसके अतिरिक्त, लगभग 200 किलोग्राम खराब पनीर भी मौके पर ही नष्ट कराया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 48 हजार रुपये था। यह अभियान आमजन और श्रद्धालुओं को होली पर्व के दौरान शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर मुख्यालय स्तर से इस अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में फर्रुखाबाद के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान, उन्नाव के खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष और खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपासना शामिल थे। टीम ने साइट बी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मै. घनश्याम ऑयल मिल्स से सरसों तेल और सरसों दाने के नमूने लिए और 718 किलोग्राम तेल सीज किया।
इसके अलावा, छाता क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दलवीर सिंह ने बेसन लड्डू, मिश्रित दूध और पनीर के नमूने लिए। उन्होंने अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे गए पनीर को नष्ट भी कराया। धौलीप्याऊ क्षेत्र से मोतीकंद मिठाई का नमूना भी लिया गया। विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 12 खाद्य नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


